कांवड़ यात्रा को लेकर NCRTC का अपडेट, नमो भारत के कई स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट में बदलाव
Naveen Jangid — 04 अगस्त 2026
Author: — KKT TIMES
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सोमवार को जानकारी दी कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए 4 अगस्त से 12 अगस्त तक नमो भारत के 17 स्टेशनों के कुछ प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर पार्किंग सुविधा भी सीमित रहेगी। प्रशासनिक निर्देशों के तहत लगाए गए ये अस्थायी प्रतिबंध कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं।
प्रभावित होने वाले स्टेशनों में मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद शामिल हैं।
एनसीआरटीसी के अनुसार, ज्यादातर स्टेशनों पर गेट नंबर-दो बंद रहेगा। वहीं बेगमपुल स्टेशन पर गेट नंबर-दो और तीन, दुहाई स्टेशन पर गेट नंबर-तीन और चार तथा गाजियाबाद स्टेशन पर गेट नंबर-तीन और पांच बंद रहेंगे। इन प्रभावित हिस्सों में पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे नमो भारत सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करें। निगम ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।
नमो भारत ट्रेन सेवाएं सराय काले खां-मोदीपुरम कॉरिडोर पर सामान्य रूप से जारी रहेंगी। एनसीआरटीसी के अनुसार, ट्रेनें 14 अगस्त तक रोजाना सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर आठ मिनट के अंतराल पर संचालित होंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.













Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.