
जापान की कंपनियां उत्तर प्रदेश में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगी। यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 के दौरान एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की 3195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग की गई। यीडा क्षेत्र में स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
सम्मेलन के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ हुई गोलमेज बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में निवेश के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ रुपये के निवेश से ट्रैक्टर और उपकरण से जुड़े उत्पादों का निर्माण करेगी। वहीं, मिंडा कॉरपोरेशन भी यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी-जापान निवेश सम्मेलन के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ आयोजित राउंड टेबल बैठक में निवेशकों से यूपी आने और यहां अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों के सुझावों और अपेक्षाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और व्यावहारिक समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारती है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए बदलाव को निवेशक स्वयं देख सकते हैं। कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए तैयार नीतियों से हुए बदलाव ने यूपी की नई तस्वीर पेश की है।
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत और जापान के संबंध लंबे समय से विश्वास पर आधारित रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ती साझेदारी इस विश्वास को और मजबूत करेगी।
केंद्रीय मंत्री ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया और कहा कि जापान के उद्योग जगत के लिए उत्तर प्रदेश में तेजी से अवसर खुल रहे हैं।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की मौजूदा आर्थिक वृद्धि में सोशल, डिजिटल और फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश, समावेशी विकास, मैन्युफैक्चरिंग एवं इनोवेशन तथा कानूनों और नियमों का सरलीकरण प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत पिछले कुछ वर्षों से लगभग 6 से 8 प्रतिशत की सतत आर्थिक वृद्धि के दौर में है। केंद्रीय मंत्री ने जापान के उद्योग जगत से भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.