
जयपुर। सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने से आठ मरीजों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट कर घटना को “हृदयविदारक” बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को शक्ति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।
कैसे लगी आग
एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तेजी से फैल गई। आग लगने के दौरान वहां कुल 11 गंभीर मरीज थे, जो ज्यादातर बेहोशी की स्थिति में थे।
डॉ. धाकड़ ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर दो आईसीयू हैं – एक ट्रॉमा आईसीयू और एक सेमी-आईसीयू। आग ट्रॉमा आईसीयू में लगी, जिससे जहरीली गैसें फैल गईं। ट्रामा सेंटर की टीम, नर्स और वार्ड स्टाफ ने मरीजों को तुरंत ट्रॉलियों पर लादकर बाहर निकाला और सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन 8 मरीजों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की वजह से पूरे अस्पताल और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन हादसे की जांच में जुटे हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.