
राजस्थान की प्रसिद्ध फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 33 अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली। कार्रवाई सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई और शाम तक विभाग की टीमें विभिन्न परिसरों में दस्तावेज और रिकॉर्ड जांचती रहीं। इस दौरान बैंक खातों, डिजिटल दस्तावेजों, नकद लेन-देन और संपत्तियों के रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की गई।
इस छापेमारी में सबसे अधिक 26 स्थान जयपुर में शामिल थे। इसके अलावा श्रीगंगानगर, करौली, कोटा, हिंडौन और मुंबई स्थित कार्यालयों व अन्य परिसरों में भी टीमें जांच में लगी रहीं। इस दौरान कई महत्वपूर्ण फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा जब्त किए गए और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के कारोबार में बड़े स्तर पर आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न खातों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
उदयपुर में भी आयकर विभाग की टीमें सिएरा होटल, सन एंड मून रेस्टोरेंट और अन्य स्थानों पर सक्रिय रहीं। 29 कमरों वाले सिएरा होटल में दस्तावेजों की जांच की गई और परिसर के बाहर विभाग के वाहन तैनात किए गए। इसके अलावा जगदीश मंदिर क्षेत्र और हरिदास जी मगरी स्थित रेस्टोरेंट परिसरों में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
बताया जा रहा है कि इन सभी प्रतिष्ठानों का मालिक एक ही व्यक्ति है। विभाग संबंधित खातों और लेन-देन की गहन जांच कर रहा है। आयकर अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी और अनियमितताओं के वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.