
सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने गुड़गांव से बिहार जा रही निजी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कुमारगंज के पीठला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में मृत तीन यात्रियों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.