
हांगकांग। हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा हो गया। तुर्की की मालवाहक एयरलाइन एयर एसीटी का एक कार्गो विमान रनवे से फिसलकर समुद्र में जा गिरा, जिसमें हवाई अड्डे के दो ग्राउंड स्टाफ की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर खड़े एक वाहन से टकरा गया।
अधिकारियों के मुताबिक यह विमान एमिरेट्स फ्लाइट नंबर EK9788 था, जो दुबई से बोइंग 747-481 मॉडल के साथ हांगकांग पहुंचा था। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:50 बजे (19:50 GMT) यह हादसा हुआ।
सिविल एविएशन विभाग के अनुसार हादसे में समुद्र में गिरे दोनों ग्राउंड स्टाफ को बचा लिया गया था, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। विमान में सवार चारों चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और उन्हें भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हवाई अड्डा प्रशासन ने बताया कि जिस रनवे पर यह दुर्घटना हुई उसे तुरंत बंद कर दिया गया है, हालांकि हवाई अड्डे के अन्य दो रनवे सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।
हांगकांग की सरकारी एयर सर्विस ने मौके पर हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं, जबकि अग्निशमन विभाग के जहाज समुद्र में चल रहे बचाव अभियान में लगे हुए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि हादसे की जांच जारी है और एयरपोर्ट प्रशासन जल्द ही इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा।
हवाई अड्डा प्राधिकरण की वेबसाइट के अनुसार सोमवार को हांगकांग आने वाली कम से कम 11 कार्गो उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि यह एक दुर्लभ घटना है, क्योंकि हांगकांग एयरपोर्ट का सुरक्षा रिकॉर्ड अब तक बेहद अच्छा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने पुष्टि की है कि यह विमान एमिरेट्स की फ्लाइट संख्या के तहत संचालित हो रहा था। हादसे के बाद अब तक एमिरेट्स एयरलाइन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स द्वारा प्रतिक्रिया मांगे जाने पर कंपनी ने जवाब नहीं दिया।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.