
हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार प्रतियोगिताओं में पहले से शामिल 30 खेलों के अलावा वू-शू, मॉडर्न पेंटाथलॉन और स्क्वैश को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 33 खेलों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 18 अगस्त से 12 सितंबर तक पांच चरणों में आयोजित होंगी। इनकी मेजबानी यमुनानगर, भिवानी, हांसी, झज्जर, अंबाला, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद, जींद, सोनीपत, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रोहतक, हिसार, कैथल, करनाल, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और पलवल सहित विभिन्न जिलों को सौंपी गई है। प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगी।
निदेशालय के अनुसार, अंडर-11 वर्ग की प्राथमिक विद्यालय प्रतियोगिताएं पहले जिला स्तर पर कराई जाएंगी। सभी जिलों को 15 अगस्त से पहले ब्लॉक और जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अंडर-11 वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन पानीपत में होगा।
नई खेल सूची में ओलंपिक और गैर-ओलंपिक दोनों श्रेणियों के खेल शामिल किए गए हैं। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, हॉकी, कुश्ती, शूटिंग, तैराकी, बैडमिंटन, कबड्डी, क्रिकेट, योगासन और खो-खो जैसे खेलों के साथ इस बार पहली बार वू-शू, मॉडर्न पेंटाथलॉन और स्क्वैश को भी जगह मिली है। इन खेलों में स्कूली खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं का चयन करना है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.