
सरधना (मेरठ)। निकाह के कुछ ही घंटों बाद सरधना के उंचापुर मोहल्ले का एक दूल्हा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। सुहागरात पर कमरे से बाहर निकला युवक वापस नहीं लौटा, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। पूरी रात और दिनभर तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने उसकी खोज शुरू कर दी है।
उंचापुर निवासी सईद ठेकेदार के बेटे मोहसिन उर्फ मोनू की बरात बुधवार को मुजफ्फरनगर के खतौली गई थी। निकाह के बाद देर रात परिवार दुल्हन को साथ लेकर घर लौटा।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 1 बजे मोहसिन ने अपनी दुल्हन से कहा कि वह कुछ काम से बाहर जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं आया। देर रात से लेकर गुरुवार शाम तक परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
परिवार के लिए स्थिति और कठिन इसलिए रही क्योंकि गुरुवार को मोहसिन की दो बहनों की बरात भी पहुंचनी थी। तैयारियों के बीच परिजन लगातार उसकी खोज में भटकते रहे।
आखिरकार, परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि 24 घंटे पूरे होने पर गुमशुदगी दर्ज की जाएगी, हालांकि उसकी तलाश अभी से शुरू कर दी गई है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.