
मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान एक बड़ी तकनीकी समस्या सामने आई, जिससे कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। बताया जा रहा है कि गूगल मैप्स पर गलत लोकेशन दिखने के कारण परीक्षार्थी अपने निर्धारित केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके।
हापुड़, गाजियाबाद समेत अन्य जिलों से आए कई अभ्यर्थी इस समस्या से प्रभावित हुए।

अभ्यर्थियों के अनुसार, उनका परीक्षा केंद्र नई मंडी क्षेत्र के पटेल नगर स्थित दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज था। केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्होंने गूगल मैप्स की मदद ली, लेकिन ऐप ने उन्हें मुज़फ्फरनगर के बजाय शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र के एक ग्रामीण और सुनसान इलाके में पहुंचा दिया।
गलत स्थान पर पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों को अपनी गलती का एहसास हुआ, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वे काफी समय तक आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रास्ता ढूंढते रहे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन सही केंद्र तक समय पर पहुंचना संभव नहीं हो सका।

समय पर केंद्र न पहुंच पाने के कारण कई परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, जिससे उनमें नाराजगी देखी गई।
घटना से आक्रोशित अभ्यर्थी मुज़फ्फरनगर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने मांग की कि जिन उम्मीदवारों की परीक्षा इस तकनीकी त्रुटि के कारण छूट गई है, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए।
शिकायत दर्ज कराने वालों में गाजियाबाद और हापुड़ के अरुण मलिक, नकुल, धर्मेंद्र चौधरी, विशाल सहित कई अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे। उनका कहना है कि यह उनकी कोई गलती नहीं थी, बल्कि तकनीकी खामी के कारण उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.