
फतेहाबाद। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के भतीजे अभिमन्यु दौलतपुरिया के विवाह के अवसर पर रखे गए प्रीतिभोज ने जिले में राजनीतिक शक्ति का बड़ा प्रदर्शन रूप ले लिया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा विशेष रूप से फतेहाबाद पहुंचे।
भूना रोड स्थित पांच एकड़ के रिसोर्ट में आयोजित समारोह में कई प्रमुख सांसदों और मंत्रियों ने शिरकत की। इसमें रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, सिरसा से कुमारी सैलजा, हिसार से जयप्रकाश, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और रणदीप सुरजेवाला शामिल रहे। इसके अलावा, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी और कृष्ण पंवार ने भी अभिमन्यु दौलतपुरिया को आशीर्वाद दिया। समारोह में सत्ता और विपक्ष से लगभग एक दर्जन विधायक और पूर्व विधायक भी मौजूद रहे। दिलचस्प बात यह रही कि विधानसभा चुनाव में बलवान सिंह के कट्टर प्रतिद्वंदी रहे पूर्व विधायक दुड़ाराम भी इस प्रीतिभोज में आए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी फतेहाबाद पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से पहुंचे, और वहां से सड़क मार्ग के जरिये कार्यक्रम स्थल तक गए। सुबह हुई अचानक बारिश के कारण उनके आने पर संदेह जताया जा रहा था, लेकिन मौसम साफ होने के बाद वे तय समय पर समारोह में उपस्थित हुए।
सैनी के आने पर रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा पहले से मौजूद थे। दोनों नेताओं ने आपसी अभिवादन किया और थोड़ी देर चर्चा के बाद साथ भोजन कक्ष की ओर बढ़े। बाद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी पहुंचे, जिन्हें विधायक बलवान दौलतपुरिया ने व्यक्तिगत रूप से रिसीव किया और विशेष भोजन कक्ष में ले गए।
प्रीतिभोज के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब विशेष भोजन कक्ष में सीएम नायब सैनी, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, जयप्रकाश और सुभाष बराला एक साथ बैठे। इसके साथ ही सत्ता और विपक्ष के करीब एक दर्जन विधायक भी उपस्थित रहे। बाद में सांसद दीपेंद्र हुड्डा अन्य व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम से चले गए, और दस मिनट बाद मुख्यमंत्री सैनी और सांसद बराला भी रवाना हुए।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.