बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया की हालत नाजुक, प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि खालिदा जिया ने वर्षों तक बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और भारत हर संभव सहायता के लिए तैयार है।
बीएनपी की अध्यक्ष 80 वर्षीय खालिदा जिया को 23 नवंबर को सीने में संक्रमण के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संक्रमण के कारण उनके हृदय और फेफड़े प्रभावित हुए हैं। बीएनपी के महासचिव मिर्ज़ा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने बताया कि जिया एवरकेयर अस्पताल के कोरोनरी केयर यूनिट में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि विदेश में इलाज की संभावना है, लेकिन उनकी वर्तमान स्थिति यात्रा की अनुमति नहीं देती।
जिया की देखभाल बांग्लादेश के वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ-साथ अमेरिका के जॉन्स हॉपकिन्स और ब्रिटेन के लंदन क्लिनिक के विशेषज्ञ कर रहे हैं। अस्पताल की ओर से अभी तक उनके स्वास्थ्य पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
इससे पहले बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने भी खालिदा जिया की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए देशवासियों से उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक मार्ग पर इस महत्वपूर्ण समय में पूर्व प्रधानमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जानी चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.