
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी बुरी तरह प्रभावित किया। कम दृश्यता के चलते अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में एक बच्चे सहित आठ लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दोस्तपुर क्षेत्र के आनूपुर के पास बड़ा हादसा हुआ। रायबरेली से आजमगढ़ जा रही मजदूरों से भरी पिकअप को घने कोहरे में पीछे से एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप पलट गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान अजय कुमार (30) और रजोले (35) के रूप में हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबेडकर नगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शाहजहांपुर में मीरानपुर कटरा-जलालाबाद राज्यमार्ग पर खैरपुर चौराहे के पास शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण चार वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दो टैंकर चालकों की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर खुलवाया।
बरेली के शाही क्षेत्र में कोहरे के चलते शाही-फतेहगंज पश्चिमी मार्ग पर दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस एक पिकअप से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि बस में कोई छात्र सवार नहीं था। दुर्घटना में बस चालक और पिकअप चालक को मामूली चोटें आईं।
प्रयागराज के चौफटका पुल पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक अजीत सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। इस हादसे में 18 महीने के मासूम की जान चली गई, जबकि कार सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि चालक को कोहरे के कारण रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया।
बुलंदशहर के देहात कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। घायल कार चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खड़े वाहन से डंपर जा टकराया। हादसे में डंपर चालक केबिन में फंस गया, जिसे करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
बागपत जिले में घने कोहरे के बीच दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दो कारें आपस में भिड़ गईं। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, बाद में गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रतापगढ़ में प्रयागराज माघ मेले के लिए जा रही श्रद्धालुओं की पिकअप को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 23 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
अमरोहा में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के कारण अलग-अलग दो हादसों में दस से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इन घटनाओं में छह से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसों के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.