
वॉशिंगटन। अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट में शुक्रवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला यात्री ने उड़ान के दौरान अपने कपड़े उतार दिए और अन्य यात्रियों के सामने आपत्तिजनक हरकतें करने लगी।
यह घटना शुक्रवार 11 सितंबर की रात करीब 9 बजे के बाद की बताई जा रही है। अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 1779 ने बाल्टीमोर/वाशिंगटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, विमान के हवा में पहुंचने के बाद केबिन क्रू ने कॉकपिट को सूचना दी कि सीट नंबर 9D पर बैठी एक महिला यात्री ने अपने सारे कपड़े उतार दिए हैं। महिला अन्य यात्रियों के सामने अवांछित और आपत्तिजनक हरकतें भी कर रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान के कम्युनिकेशंस सिस्टम के जरिए एयरलाइन के ऑपरेशन सेंटर (IOC) को तुरंत सूचना भेजी गई। संदेश में लैंडिंग के समय स्थानीय पुलिस को विमान के गेट पर तैयार रखने को कहा गया।
हालांकि, घटना के बाद विमान का रूट नहीं बदला गया। फ्लाइट तय कार्यक्रम के अनुसार रात करीब 11:23 बजे मियामी में सुरक्षित उतरी। विमान के लैंड करते ही गेट पर पुलिस मौजूद थी और महिला को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, महिला के खिलाफ कौन-कौन से औपचारिक आरोप लगाए जाएंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
विमान में यात्रियों के खराब व्यवहार का यह पहला मामला नहीं है। हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में रेनो से न्यू जर्सी जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट में एक व्यक्ति ने दूसरे यात्री पर हमला कर दिया था। इसके बाद क्रू मेंबर ने उसे उसकी सीट पर डक्ट-टेप से बांध दिया था।
वहीं, जून में डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस्तांबुल जा रही तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। विमान रनवे पर टैक्सी कर रहा था, तभी टॉयलेट सिस्टम में खराबी आ गई और केबिन में गंदा पानी व सीवेज फैल गया। इसके बाद पायलट ने उड़ान रद्द कर विमान को वापस गेट पर लाया था।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.