
बदायूं। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे अब शुरू होने के बेहद करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को जिले के बिसौली इलाके में किलोमीटर संख्या 146 पर बने टोल प्लाजा पर सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान फास्टैग आधारित आधुनिक टोल व्यवस्था का परीक्षण हुआ, जिसमें वाहन बिना रुके और बिना ब्रेक लगाए आसानी से टोल पार करते नजर आए।
ट्रायल के समय निर्माण एजेंसी अदाणी इंटरप्राइजेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी कार समेत अन्य वाहनों को टोल लेन से गुजारकर सिस्टम की कार्यक्षमता को परखा। जैसे ही फास्टैग रीडर ने टैग को स्कैन किया, बैरियर स्वतः खुल गया और वाहन निर्बाध रूप से आगे बढ़ गए। इससे यह साफ हो गया कि टोल संचालन के लिए तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह तैयार है।
गंगा एक्सप्रेस-वे का करीब 93 किलोमीटर हिस्सा बदायूं जिले से होकर गुजरता है, जिसे स्थानीय लोगों के लिए बड़ी सुविधा के तौर पर देखा जा रहा है। जिले में यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन इंटरचेंज विकसित किए गए हैं। ये इंटरचेंज वजीरगंज के वनकोटा, बिनावर के घटपुरी और दातागंज के पापड़ गांव के पास बनाए गए हैं।
निर्माण एजेंसी की ओर से परियोजना की प्रगति रिपोर्ट सरकार को सौंप दी गई है। कुछ छोटे कार्य शेष हैं, जिन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। उम्मीद है कि इसी महीने के अंत तक गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन हो सकता है। इसके शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज का सफर न सिर्फ तेज होगा, बल्कि यात्रियों को समय और ईंधन दोनों की बचत भी मिलेगी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.