
फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र के नेकपुर गांव में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से परेशान 32 वर्षीय कर्मवीर ने अपने तीन बच्चों का गला घोंट दिया और इसके बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
परिवार के अन्य सदस्य जब सुबह करीब 5 बजे घर पहुंचे तो भयावह दृश्य देखकर दंग रह गए। 10 साल की छवि मृत पड़ी थी, जबकि 8 साल के निशांत और 6 साल की सृष्टि की सांसें चल रही थीं। दोनों को तत्काल गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सृष्टि की भी मौत हो गई। डॉक्टरों ने कर्मवीर और छवि को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले कर्मवीर ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने पत्नी, उसके परिजनों और भाई को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसकी पत्नी चंचल से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
धौज थाना पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी से संपर्क करने और परिवार के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार तड़के कर्मवीर ने पहले अपने तीनों बच्चों का गला घोंटा। उसे लगा कि तीनों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद उसने खुद भी फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह साढ़े 6 बजे गांव के सरपंच ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.