
गुरुग्राम में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे बिना पर्याप्त चेतावनी लाइट के खड़ी क्रेन से एक कार टकरा गई, जिसमें एक इंजीनियर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने ठेकेदार और क्रेन ऑपरेटर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार देर रात हुआ, जब एक फॉक्सवैगन पोलो कार क्रेन से टकरा गई। बताया जा रहा है कि उसी स्थान पर क्रेन के जरिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा था, लेकिन सुरक्षा संकेतों और पार्किंग लाइट की उचित व्यवस्था नहीं थी।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 29 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के धोबाहा गांव के रहने वाले थे। वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और डीएलएफ फेज-3 में किराए के मकान में रहते थे।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे इफको चौक से अपने घर लौट रहे थे, तभी सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर खड़ी क्रेन से उनकी कार टकरा गई। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नारायणा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता अरिंजय कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि क्रेन को बिना किसी उचित चेतावनी और सुरक्षा मानकों के सड़क किनारे खड़ा किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने ठेकेदार और क्रेन ऑपरेटर की लापरवाही को घटना का जिम्मेदार बताया है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.