
ब्रसेल्स। यूरोपीय संघ (EU) ने एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर डिजिटल नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 120 मिलियन यूरो (लगभग 1,080 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। यूरोपीय आयोग के अनुसार X ने Digital Services Act (DSA) के तीन प्रमुख नियमों का उल्लंघन किया, जिससे यूजर्स ब्लू टिक मार्क और विज्ञापन डाटाबेस के मामले में गुमराह हो सकते थे।
EU ने कहा कि X ने प्लेटफॉर्म पर पारदर्शिता मानकों का पालन नहीं किया। DSA कानून के तहत प्लेटफॉर्म को यह सुनिश्चित करना होता है कि यूजर्स सुरक्षित रहें और गलत कंटेंट या स्कैम से बच सकें। उल्लंघन होने पर आयोग भारी जुर्माना लगा सकता है।
आयोग के अनुसार X के ब्लू चेकमार्क को इस तरह डिजाइन किया गया था कि यूजर्स को गुमराह किया जा सकता था। इससे स्कैम, फर्जी खाते और प्लेटफॉर्म मैनीपुलेशन का खतरा बढ़ जाता है। आयोग ने इसे EU के ऑनलाइन सुरक्षा मानकों के खिलाफ बताया।
DSA के तहत प्लेटफॉर्म्स को अपने सभी विज्ञापनों का डाटाबेस उपलब्ध कराना होता है। इसमें स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए कि विज्ञापन किसने दिए, किस टारगेट ऑडियंस के लिए हैं और किस उद्देश्य से हैं। लेकिन आयोग ने पाया कि X का डाटाबेस अधूरा और एक्सेस करने में देरी वाला है, जिससे शोधकर्ताओं को फर्जी विज्ञापनों और प्रोपेगैंडा की पहचान करने में कठिनाई होती है।
जांच में यह भी सामने आया कि X रिसर्चर्स के लिए डेटा एक्सेस में अनावश्यक बाधाएं खड़ी करता है। EU ने कहा कि यह पारदर्शिता और सार्वजनिक हित के खिलाफ है। EU के कार्यकारी उपाध्यक्ष ने बयान जारी करते हुए कहा कि फर्जी विज्ञापन, धोखाधड़ीपूर्ण डिजाइन और रिसर्च में बाधा डालना यूरोपीय डिजिटल कानूनों में स्वीकार्य नहीं है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.