
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण शुरू कर दिया है। कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG 2026) के तहत उम्मीदवार अब ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 26 जून की मध्यरात्रि के बाद आधिकारिक पोर्टल पर शुरू हुई।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष भी सभी स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG 2026) के अंकों के आधार पर ही किया जाएगा। डीयू के 67 कॉलेजों में उपलब्ध 73 यूजी कोर्स और 100 से अधिक बीए प्रोग्रामों में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित पात्रता मानदंड पूरे करने होंगे।
डीयू के अनुसार, छात्र केवल अपनी CUET-UG 2026 आवेदन संख्या के माध्यम से ही CSAS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इस बार आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल और सुरक्षित बनाने के लिए उम्मीदवारों की मूल जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर को भारत सरकार के API Setu प्लेटफॉर्म से स्वतः प्राप्त किया जा रहा है। इससे गलत जानकारी दर्ज होने की संभावना कम होगी।
सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपये शुल्क देना होगा।
प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण में उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रमों का चयन करना होगा। इसके साथ ही उन्हें CUET में चुने गए विषयों का कक्षा 12वीं में पढ़े गए विषयों के साथ मिलान (Subject Mapping) भी करना होगा।
विश्वविद्यालय का कहना है कि पात्रता का निर्धारण केवल उन्हीं विषयों के आधार पर किया जाएगा, जिन्हें छात्र ने 12वीं कक्षा में पढ़ा और पास किया है। पात्रता तय होने के बाद ही अभ्यर्थी अपनी कॉलेज और कोर्स प्राथमिकताएं दर्ज कर सकेंगे। दूसरे चरण का विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों से आवेदन करने से पहले UG Bulletin of Information 2026-27 और CSAS दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी हर नई सूचना के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखने को कहा है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.