
दिल्ली के रणहौला इलाके में 5 वर्षीय लवकुश की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सुलझा ली। इस मामले में पुलिस ने हत्या का आरोपी रवि कुमार (22 वर्ष), जो लवकुश की बुआ का बेटा है, गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, लवकुश के माता-पिता, पाचू महतो और सरिता देवी, अक्सर झगड़ते रहते थे। छोटी-छोटी बातों पर सरिता घर छोड़कर चली जाती थीं। यह रवि को नागवार गुज़रता था। 3 मार्च को जब सरिता फिर झगड़े के बाद घर से चली गईं, तो रवि ने मामी को सबक सिखाने के उद्देश्य से लवकुश का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने रवि के निशानदेही पर चाकू, वारदात के समय पहने कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की। आरोपी ने बताया कि उसने पहले लवकुश का गला घोंटा और बाद में मौत सुनिश्चित करने के लिए चाकू से वार किया। शव को एक निर्माणाधीन मकान में छोड़कर वह फरार हो गया।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 5 मार्च की दोपहर, मोहन गार्डन इलाके से पुलिस को लवकुश की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को बच्चा मृत हालत में मिला, और शव कुछ दिन पुराना लग रहा था।
लवकुश अपने परिवार के साथ मोहन गार्डन में रहते थे। परिवार में पिता, मां, तीन भाई-बहन और दादा-दादी शामिल थे। पाचू की बहन के तीन बेटे—रवि, सन्नी और कृष्णा—भी वहीं रहते थे।
जांच में स्पेशल स्टाफ, लोकल पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को लगाया गया। शुरू में परिवार ने मां सरिता पर शक जताया क्योंकि वह 3 मार्च की सुबह घर छोड़ चुकी थीं। उनकी लोकेशन छपरा, बिहार में ट्रेस की गई, लेकिन पूछताछ में सरिता ने हत्या से इनकार किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें लवकुश को रवि के साथ 3:30 बजे देखा गया। इसके बाद बच्चा गायब हो गया। पूछताछ में रवि टूट गया और हत्या स्वीकार की। उसने बताया कि उसे लगता था कि मामी अपने पति को धोखा दे रही हैं, इसलिए उसने मामी को सबक सिखाने के लिए सबसे छोटे बेटे की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की पूरी जांच कर रही है और सभी पहलुओं का पता लगा रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.