
दिल्ली। राजधानी के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में रविवार तड़के एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के समय युवक के शरीर पर कपड़े नहीं थे और वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा मिला। इस वजह से मामले में किसी साजिश या हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दीपक मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का रहने वाला था। वह पिछले तीन साल से गांधी नगर की एक सिलाई फैक्ट्री में काम कर रहा था और नामदेव गली में रहता था।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5:20 बजे एक राहगीर ने गली में दीपक को खून से लथपथ और बिना कपड़ों के पड़ा देखा। राहगीर ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नजदीकी अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही बिहार में रहने वाले दीपक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। परिजनों के दिल्ली पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दीपक खुद तीसरी मंजिल से गिरा या फिर किसी ने उसे जानबूझकर धक्का दिया। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय दीपक शराब या किसी अन्य नशे की हालत में था या नहीं, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा हो।
गांधी नगर थाना पुलिस घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही दीपक के साथ काम करने वाले और उसके साथ रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद ही दीपक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.