
मुजफ्फरनगर। साइबर क्राइम पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए “ई-चालान एपीके फाइल” भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 3.78 लाख रुपये निकालकर फर्जी खातों के माध्यम से सोना और मोबाइल फोन खरीदे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि शहर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर “ई-चालान एपीके फाइल” भेजकर उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 3.78 लाख रुपये निकाल लिए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठग गुरप्रीत उर्फ गगन, निवासी महालक्ष्मीनगर, विजयनगर (इंदौर, मध्यप्रदेश), हाल निवासी टेकटाउन सोसाइटी, ज़िरकपुर (पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अपने साथी पंकज निवासी धनबाद के साथ मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
दोनों आरोपी लोगों को व्हाट्सएप पर “ई-चालान एपीके फाइल” भेजते थे, जिसे डाउनलोड करते ही पीड़ितों का मोबाइल हैक हो जाता था। इसके बाद वे बैंक खातों से रुपये निकालकर फर्जी खातों में ट्रांसफर कर देते थे और अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सोना व महंगे सामान खरीद लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक कई लोगों को लाखों रुपये का चूना लगा चुके हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.