
फगवाड़ा के रावलपिंडी क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब बाइक सवार दो युवकों ने एक अन्य मोटरसाइकिल सवार पर गोलीबारी कर दी। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे हमलावरों में से एक को स्थानीय लोगों ने मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव बोहानी निवासी अमरीक सिंह पुत्र कर्म सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात युवक उनकी गतिविधियों पर नज़र रख रहे थे। इस बारे में उन्होंने पहले ही पुलिस को सूचना दे दी थी। शनिवार सुबह उनके नौकर अरुण कुमार पुत्र रघुनाथ राय ने उन युवकों को संदिग्ध हालात में देखा और उनका पीछा किया।
पीछा करते हुए अरुण कुमार ने जब हमलावरों को गांव रानीपुर कंबोआ में घेर लिया, तो युवकों ने उस पर गोलियां चला दीं। तीन से चार राउंड फायरिंग में अरुण कुमार की बाजू, पैर और कूल्हे में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद आरोपी गन्ने के खेतों में छिपने की कोशिश करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना रावलपिंडी के एसएचओ मेजर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस बीच, डीएसपी फगवाड़ा ने भी सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल अरुण कुमार से मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.