
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आम लोगों और सैनिकों से संवाद किया। उन्होंने उपस्थित जवानों से कहा, “आप बेफिक्र होकर देशसेवा कीजिए। आपके परिवार समेत प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा, सहूलियत, सुरक्षा और सम्मान सरकार के जिम्मे है। सरकार इसे लेकर पहले दिन से गंभीर है।”
कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए सैनिकों ने जमीनी विवाद, आर्थिक सहायता, स्थानांतरण और अन्य समस्याओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी सैनिकों के प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का समयसीमा के भीतर उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जवानों को भरोसा दिलाया कि वे निश्चिंत होकर घर जा सकते हैं और सरकार उनकी हर समस्या का समाधान करेगी।
‘जनता दर्शन’ में आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस से जुड़े मामलों और जमीनी विवादों के मामले भी सामने आए। सीएम योगी ने कहा कि जमीनी विवादों में सभी पक्षों को सुना जाएगा और नियमों के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
आर्थिक सहायता और इलाज के मामलों में मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीज के परिजनों को आवेदन करते समय अस्पताल से एस्टिमेट तैयार कराना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज रुकेगा नहीं। उन्होंने कहा, “आप मरीज की देखभाल कीजिए, इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दीजिए। सरकार पूरी मदद करेगी।”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार हर तबके और हर वर्ग की सहायता के लिए तत्पर है। ‘जनता दर्शन’ के दौरान प्रार्थना पत्रों के माध्यम से सबकी समस्याओं को सुनना और उनके त्वरित निस्तारण का प्रबंध करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.