Naveen Jangid — 17 जुलाई 2026

Author: — KKT TIMES
देहरादून। उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में थ्रेटक्रीट का हिस्सा गिरने से हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की जानकारी ली और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टनल में काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन सचिव ने एनएचआईडीसीएल और उत्तरकाशी जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर घटना की स्थिति, राहत कार्य और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान टनल के अंदर लागू सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई।
सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक के परिवार को नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतक के शव को पूरे सम्मान के साथ उसके गृह जनपद तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में घटना के कारणों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों से हादसे के सभी पहलुओं की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने टनल निर्माण और संचालन से जुड़े मौजूदा सुरक्षा मानकों (SOP) की भी समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का दोबारा मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।
सचिव ने जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा मानक प्रक्रिया (SOP) को अपडेट करने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.