लोगों की गिरफ्तारी पर CJP सख्त, कहा- प्रदर्शनकारियों के साथ धोखा बर्दाश्त नहीं होगा
Naveen Jangid — 27 जुलाई 2026
Author: — KKT TIMES
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया है कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कुछ राज्यों से छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने, हिरासत में लेने और गिरफ्तार करने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि पार्टी ने देशव्यापी आंदोलन को उस आश्वासन के बाद स्थगित किया था, जिसमें भारत सरकार ने भरोसा दिया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ वर्तमान या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आश्वासन भाजपा शासित या एनडीए शासित राज्यों समेत सभी जगहों के लिए था।
समर्थकों की रिहाई को लेकर जताई चिंता
सीजेपी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों से मिल रही खबरें बेहद चिंताजनक हैं और सरकार को अपने वादे का सम्मान करना चाहिए। पार्टी ने बताया कि उसकी कानूनी टीम शुरुआत से ही सक्रिय है और संबंधित राज्यों के वकीलों के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए और गिरफ्तार लोगों की रिहाई के लिए काम कर रही है।
पार्टी ने केंद्र सरकार, खासकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से अपील की कि वे अपने आश्वासन को लागू कराएं। सीजेपी ने मांग की कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा किया जाए और किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ दबावपूर्ण या बदले की कार्रवाई नहीं की जाए।
सीजेपी ने यह भी मांग की कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाएं। पार्टी ने कहा कि सरकार ने 28 जुलाई 2026 तक इस संबंध में लिखित गारंटी देने का वादा किया था।
सीजेपी ने दी चेतावनी
सीजेपी ने कहा कि देशव्यापी आंदोलन स्थगित करने का फैसला सरकार के आश्वासन और सद्भावना के आधार पर लिया गया था। पार्टी ने कहा कि अगर सरकार अपने वादे से पीछे हटती है तो यह सिर्फ सीजेपी के साथ विश्वासघात नहीं होगा, बल्कि उन लाखों युवाओं के भरोसे को भी नुकसान पहुंचाएगा जिन्होंने आंदोलन की जगह बातचीत का रास्ता चुना।
पार्टी ने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी तरह का विश्वासघात स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीजेपी ने कहा कि किसी भी सरकार की विश्वसनीयता केवल वादे करने से नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने से बनती है।
समर्थकों से धैर्य बनाए रखने की अपील
सीजेपी ने युवा प्रदर्शनकारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि वह उनके साथ खड़ी है और पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही है।
सीजेपी ने दोहराया कि सभी हिरासत में लिए गए और गिरफ्तार लोगों को तुरंत रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस ली जाएं। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह आगे जरूरी कदम उठाने पर विचार करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.