
देवास। जिले के सतवास नगर के वार्ड क्रमांक-5 में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। तहसीलदार अरविंद दिवाकर नगर परिषद और पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान कार्रवाई की जद में आए मकान के मालिक संतोष व्यास और उनकी पत्नी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना के बाद क्षेत्र में मौजूद लोगों की भीड़ आक्रोशित हो गई। गुस्साए लोगों ने नगर परिषद की जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख प्रशासनिक और पुलिस टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, वार्ड निवासी मोहनदास बैरागी ने तहसीलदार कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पड़ोसी संतोष व्यास ने सार्वजनिक नाली पर कब्जा कर निर्माण कर लिया है, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो रही थी। शिकायत के बाद मंगलवार को तहसीलदार ने स्थल निरीक्षण किया था, जहां विवाद की स्थिति बनी थी। इसके बाद बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान आत्मदाह के प्रयास के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दंपती को आग से बचाया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में इंदौर के अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सतवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.