
बिहार। सारण जिले के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के तख्त दलित टोला में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में स्थित दलित टोला का ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर कई लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे और नाले के पास सो रहे थे।
इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय वहां से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महंतो ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। सीएचसी मशरक में प्राथमिक इलाज के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर किया गया।
इस हादसे में तख्त दलित टोला निवासी पांच वर्षीय माही कुमारी, 70 वर्षीय गुलपति देवी, 70 वर्षीय कादित देवी, 17 वर्षीय राजा ठाकुर, 20 वर्षीय काजल देवी, 25 वर्षीय पवन ठाकुर और 28 वर्षीय लव कुश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रैक्टर पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली गांव स्थित एक टेंट हाउस का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घुमावदार सड़क पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे सो रहे लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
घटना के बाद चालक मौके से ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मशरक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.