
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों का मतदान मंगलवार (11 नवंबर) को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। अब पूरे राज्य की निगाहें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। इस बार मतदाताओं ने जमकर वोट डाले, जिससे मतदान प्रतिशत ने नया रिकॉर्ड कायम किया है।
राज्य की 243 सीटों पर हुए मतदान में लोगों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया। पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो शाम 6 बजे तक बढ़कर 65.08 प्रतिशत हो गया। वहीं 2020 के चुनाव में इन्हीं 121 सीटों पर 55.82 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी इस बार लगभग 10 प्रतिशत अधिक वोटिंग हुई है।
पहले चरण में मीनापुर सीट ने एक बार फिर सबसे ज्यादा वोटिंग का रिकॉर्ड कायम किया, जहां 77.54 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 2020 में भी इस सीट पर सबसे अधिक 65.26 प्रतिशत मतदान हुआ था। दूसरी ओर, कुम्हरार सीट पर सबसे कम 40.17 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो 2020 में भी न्यूनतम रही थी।
दूसरे चरण के मतदान में भी मतदाताओं का जोश देखने लायक रहा। सुबह 9 बजे तक 14.55 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो शाम 6 बजे तक बढ़कर 68.69 प्रतिशत तक पहुंच गई। 2020 के दूसरे चरण में 58.65 प्रतिशत मतदान हुआ था, यानी इस बार करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कस्बा विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 81.18 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि नवादा सीट पर सबसे कम 55.03 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार सभी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुआ।
मतदान के ये रुझान बताते हैं कि बिहार की जनता ने इस बार लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, और अब सबकी नजरें 14 नवंबर को आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.