
बरेली। मौलाना तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइजर मोहम्मद आरिफ की अवैध संपत्ति पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की कार्रवाई जारी है। पीलीभीत बाइपास स्थित फ्लोरा गार्ड के पास बने शोरूम को रविवार को तोड़ने की कार्रवाई दोबारा शुरू की गई। शनिवार को बीडीए की टीम तीन बुलडोजर लगाने के बावजूद शोरूम को ढहा नहीं सकी थी।
रविवार सुबह 11 बजे पोकलेन मशीन के जरिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। कॉलोनाइजर आरिफ के बरातघर फ्लोरा गार्डन के बगल में बनाए गए शोरूम में इन दिनों एक प्रसिद्ध गारमेंट कंपनी का स्टोर संचालित हो रहा था। बीडीए की टीम ने सुबह ही स्टोर मालिक को इसे खाली करने का आदेश दिया।
कुछ दिन पहले ही इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया गया था। शनिवार को जब कार्रवाई शुरू हुई, तो स्टोर से बचा खुचा माल बाहर निकालने की होड़ मच गई। बीडीए की टीम ने तीन बुलडोजर लगाकर शोरूम तोड़ने की कोशिश की और मजदूरों ने दीवारों पर हथौड़े और घन का इस्तेमाल किया, लेकिन शोरूम जमे रहने की वजह से गिरा नहीं।
इस दौरान ही जगतपुर मार्केट की अन्य दुकानों पर पोकलेन मशीन चलाई गई और मार्केट की सभी 16 दुकानें पहले ही ढहाई जा चुकी थीं। अधिकारियों का कहना है कि शोरूम को ढहाने में अधिकतम दो घंटे का समय लगाया जाएगा।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.