
आगरा के अकोला कस्बा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों का विरोध अचानक तेज हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटरों को हटाकर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी और अनियमित वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान न मिलने से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीण पहले देवी मंदिर पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए बाजार मार्ग से बिजलीघर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बिजलीघर पहुंचकर ग्रामीणों ने हटाए गए स्मार्ट मीटरों को एक स्थान पर इकट्ठा कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की जिला अध्यक्ष लवानिया द्वारा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और बिजली बिलों में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.