
पटना में शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी और बारिश का असर पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के रेल परिचालन पर साफ तौर पर देखने को मिला। खराब मौसम और तकनीकी दिक्कतों के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि सुरक्षा कारणों से कुछ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
पटना साहिब स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22348 वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग दो घंटे तक खड़ी रही। जानकारी के अनुसार, तेज आंधी के दौरान ट्रेन के पैंटोग्राफ में तिरपाल फंस जाने से सुरक्षा संबंधी स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
रेलवे की तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तिरपाल को हटाया और जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।
वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रभावित होने का असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। गाड़ी संख्या 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत कई पैसेंजर ट्रेनों को देरी का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।
इसी दौरान कुछमन स्टेशन के पास सुबह करीब छह बजे खराब मौसम और मेघगर्जन के कारण ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते गाड़ी संख्या 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस को एहतियातन रोक दिया गया।
रेलवे तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य पूरा किया, जिसके बाद ट्रेन को अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इसी वजह से कई जगहों पर ट्रेनों को रोककर जांच और मरम्मत कार्य किया गया।
मौसम सामान्य होने और तकनीकी दिक्कतें दूर होने के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे पटरी पर लौट आया।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.