Naveen Jangid — 25 जुलाई 2026

Author: — KKT TIMES
जम्मू। लगातार बारिश के कारण छह दिनों से स्थगित चल रही श्री अमरनाथ यात्रा शनिवार से दोबारा शुरू हो रही है। मौसम में सुधार के बाद प्रशासन ने यात्रा बहाल करने का फैसला लिया है। हालांकि, शनिवार तड़के जम्मू से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को केवल बालटाल मार्ग से रवाना किया गया है।
पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू करने को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मार्ग की स्थिति और मौसम को देखते हुए इस पर बाद में फैसला किया जाएगा। जम्मू में रुके श्रद्धालुओं को जब बालटाल मार्ग से यात्रा शुरू होने की जानकारी मिली तो उनमें खुशी की लहर दौड़ गई। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय बाबा बर्फानी के जयकारे लगाए।
वहीं, माता वैष्णो देवी यात्रा को फिर से शुरू करने को लेकर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। इस संबंध में जल्द फैसला होने की संभावना है।
कटड़ा में अभी भी करीब 15,000 श्रद्धालु यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। पिछले छह दिनों से जम्मू में रुके श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा बहाल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दोपहर बाद मौसम साफ होने के बाद उन्हें यात्रा शुरू होने की उम्मीद जगी थी।
यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है, वहीं लंगर संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए मार्ग को खोलने का काम दिनभर जारी रहा और शाम को इसे बहाल कर दिया गया।
इसके अलावा दो दिन पहले अनंतनाग में हुए आतंकी हमले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर स्थित यात्री निवास में शुक्रवार शाम घोषणा की गई कि शनिवार तड़के श्रद्धालुओं को बालटाल मार्ग से रवाना किया जाएगा। इसके बाद यात्री निवास में टिकट काउंटर सहित अन्य स्थानों पर गतिविधियां तेज हो गईं।
परिसर में हर तरफ महादेव के जयकारे गूंजने लगे। सुरक्षाबलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दीं। कई श्रद्धालु यात्रा शुरू होने की जानकारी पाकर भावुक नजर आए और एक-दूसरे को बधाई देते दिखे।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.